VIDEO: जांजगीर पुलिस की त्वरित कार्रवाई : फरार निगरानी व गुंडा बदमाश गिरफ्तार, निकाला गया जुलूस

जांजगीर-चांपा, 18 सितंबर 2025। थाना जांजगीर पुलिस ने हत्या की नियत से प्राणघातक हमला करने वाले फरार निगरानी बदमाश सतीश यादव उर्फ बाटा (29) और गुंडा बदमाश प्रांजल यादव उर्फ बली उर्फ दादू (24) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों का जुलूस जांजगीर टाउन में निकाला गया।
मामले में पहले ही 3 आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रेत-गिट्टी के सौदे में कमीशन मांगा था, मना करने पर प्रार्थी के घर जाकर लाठी-डंडा, तलवार और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया था। शोर सुनकर गांव वालों के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए थे।
घटना पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देशन और एएसपी उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान पहले 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी, अब फरार सतीश और प्रांजल भी पकड़े गए।
पुलिस ने दोनों को BNS की धारा 191(1), 191(3), 308(2), 296, 351(2), 109(1) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पांडे, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान सहित टीम का अहम योगदान रहा।






