जांजगीर-चांपा : तालाब से मिली लाश का खुलासा — युवक की हत्या कर शव फेंका गया

जांजगीर-चांपा जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई स्थित पुरेना तालाब से बरामद युवक के शव की पहचान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्रा निवासी राहुल चौहान के रूप में हुई है। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की पुष्टि हुई है।
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि चार नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
तालाब में तैरता मिला था शव
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के अनुसार, 11 फरवरी को सूचना मिली थी कि धरदेई के पुरेना तालाब में एक अज्ञात युवक का शव तैरता मिला है। पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान की प्रक्रिया शुरू की, जिसमें मृतक की पहचान राहुल चौहान के रूप में हुई। पोस्टमार्टम और प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने के संकेत मिले।
मेले में जाने के बाद लापता हुआ था युवक
परिजनों ने बताया कि राहुल अपने दोस्त के साथ शिवरीनारायण मेले में घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था। दोस्त ने पुलिस को बताया कि मेला घूमने के बाद दोनों राहुल की मौसी के घर गए थे और शाम करीब 6 बजे वहां से निकलने के बाद राहुल का कोई पता नहीं चला।
बहन से बातचीत को लेकर रंजिश, रास्ते में घेरकर हत्या
जांच में सामने आया कि एक नाबालिग को इस बात की जानकारी थी कि राहुल उसकी बहन से फोन पर बात करता था, जिससे वह नाराज था। घटना के दिन नाबालिग और उसके 6–7 साथियों ने राहुल को रास्ते में घेरकर पहले मारपीट की, फिर धारदार हथियार से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के लिए शव को तालाब में फेंक दिया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला
पुलिस ने दोस्त से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ में एक नाबालिग ने साथियों के साथ हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने मामले में कोमल कर्ष (23) और राजवीर अनंत (19) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। चार नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।






