खोखरा रनिंग ट्रैक पर स्टंटबाजी करना युवकों को पड़ा महंगा

जांजगीर-चांपा। जिले के खोखरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में मोटरसाइकिल पर स्टंटबाजी करना दो युवकों के लिए भारी पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
वायरल वीडियो बना गिरफ्तारी का आधार
थाना जांजगीर क्षेत्र के अंतर्गत खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में बनाए गए रनिंग ट्रैक पर सोनू राठौर और आकाश सूर्यवंशी नामक युवकों ने मोटरसाइकिल पर स्टंटबाजी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया।
नियम उल्लंघन पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जांजगीर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी और उनकी टीम ने दोनों युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ धारा 170, 126, 136 (3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और माननीय न्यायालय में पेश किया।






