छत्तीसगढ़

होली पर सख्ती: बलौदा पुलिस ने 300 डरावने मुखौटे किए जब्त, व्यापारियों को दी सख्त चेतावनी

जांजगीर-चांपा। होली पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत बलौदा क्षेत्र की विभिन्न दुकानों की जांच कर करीब 300 डरावने और भ्रामक मुखौटे जब्त किए गए हैं।

जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों को पहचान छिपाकर हुड़दंग, मारपीट या अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने से रोकना है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि डरावने और भ्रामक मुखौटों का उपयोग कर कुछ लोग अपनी पहचान छिपाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ सकते हैं, इसलिए एहतियातन यह कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि होली के दौरान डरावने, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मुखौटे और सामान की बिक्री न करें।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी जारी है।

Related Articles

Back to top button