जांजगीर-चांपा पुलिस की सख्ती: होटल और लॉज संचालकों को एसपी ने दिए सुरक्षा निर्देश, बाहरी व्यक्तियों की होगी निगरानी

जांजगीर-चांपा। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय जांजगीर के सभा कक्ष में होटल और लॉज संचालकों की बैठक ली।
बैठक में जिले में ठहरने वाले अप्रवासियों एवं बाहरी व्यक्तियों की निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसपी ने होटल संचालकों से सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
होटल में ठहरने वालों का आईडी सत्यापन अनिवार्य
एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने निर्देश देते हुए कहा कि होटल या लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति से वैध पहचान पत्र (आईडी) अनिवार्य रूप से लिया जाए और उसका सत्यापन किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी आगंतुकों का पूरा विवरण निर्धारित होटल रजिस्टर में सही और अद्यतन रूप से दर्ज किया जाना चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल दें सूचना
पुलिस अधीक्षक ने होटल संचालकों को निर्देशित किया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति होटल में ठहरता है या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।





