शिवरीनारायण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लाखों का गांजा जब्त, युवक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 23 जुलाई 2025। जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.335 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजा की अनुमानित कीमत 1.30 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान आदर्श कुमार उर्फ शनि साहू (उम्र 19 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 15, चकरभांठा थाना क्षेत्र, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर शबरी चौक, शिवरीनारायण के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित कर तत्काल रेड की गई।
रेड के दौरान थाना शिवरीनारायण प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी और उनकी टीम ने आरोपी को मौके से धर दबोचा। तलाशी में आरोपी के पास से 13.335 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 278/2025 दर्ज कर, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।






