चांपा में सनसनी: भतीजे ने चाचा पर किया हसिया से हमला, मौत
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां वार्ड क्रमांक 15, पाल मोहल्ला कोटा डबरी निवासी राम प्रसाद पाल (60–65 वर्ष) की उनके ही भतीजे ने हसिया से गला काटकर हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक राम प्रसाद पाल अपने घर के पास स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ के लिए जा रहे थे। इसी दौरान घर के सामने उनका भतीजा अजीत पाल हाथ में हसिया लेकर मिला। कहा जा रहा है कि मामूली विवाद के बीच आरोपी ने अचानक मृतक के गले पर हसिया से प्राणघातक हमला कर दिया। घायल राम प्रसाद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन व आसपास के लोग उन्हें तत्काल BDM अस्पताल चांपा लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही चांपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अजीत पाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं घटनास्थल पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि परिजनों को सूचना देकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना से पूरे मोहल्ले में शोक और आक्रोश का माहौल है।






