गौठान में मवेशियों की मौत के मामले में सरपंच गिरफ्तार, पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम सलखन गौठान में हुई बड़ी लापरवाही के मामले में पुलिस ने सरपंच रामकृष्ण कश्यप (56 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। सरपंच पर गौठान में मवेशियों की मौत के मामले में BNSS की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देश पर की गई। उन्होंने गौठान में मवेशियों की मौत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और वैधानिक कार्यवाही के आदेश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांपा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई थी।
जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2025 को ग्राम पंचायत सलखन के गौठान में बड़ी संख्या में मवेशियों के मृत होने की सूचना मिली थी। जांच में पाया गया कि गौठान के पास लगे झटका तार (इलेक्ट्रिक फेंसिंग) के कारण कुल 14 मवेशियों (7 गाय और 7 बैल) की मौत हुई थी। इसके अलावा 5 मवेशियों के कंकाल भी बरामद किए गए, जबकि 3 मवेशी घायल अवस्था में मिले, जिनका इलाज कराया गया।
पशु चिकित्सक की मौजूदगी में मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया गया और थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 493/2025 धारा 325 BNS एवं 11(1)(क) पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने जांच के बाद सरपंच रामकृष्ण कश्यप को दोषी पाते हुए गिरफ्तार किया और उन्हें कार्यपालिक दंडाधिकारी शिवरीनारायण के न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद बघेल, आरक्षक प्रवीण कुमार साहू और विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।






