देश- विदेश

देश की राजनीति में बयानबाजी तेज: ममता बनर्जी का पीएम पर हमला, संजय राउत ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल, विजयन का कांग्रेस पर निशाना

/नई दिल्ली/कोलकाता। देश की राजनीति में तीखे बयान और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। ममता बनर्जी, संजय राउत और पिनाराई विजयन के हालिया बयानों ने सियासी माहौल को गरमा दिया है।

ममता बनर्जी का पीएम मोदी पर तीखा हमला
कोलकाता के रेड रोड पर ईद की नमाज के बाद लोगों को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री विदेश जाते हैं तो दोस्ती की बात करते हैं, लेकिन देश लौटते ही हिंदू-मुस्लिम नैरेटिव शुरू कर देते हैं।

ममता बनर्जी ने कहा, “लोगों को घुसपैठिया कहा जाता है, लेकिन मैं कहूंगी कि सबसे बड़े घुसपैठिए आप हैं। आपने हमारी सरकार पर कब्जा कर लिया है और अनऑफिशियल प्रेसिडेंट रूल लागू कर दिया है।” उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल को बांटने की कोशिश करने वालों से उनकी पार्टी नहीं डरेगी।

संजय राउत ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
वहीं, शिवसेना सांसद संजय राउत ने देश में चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के वर्षों में चुनावों में छेड़छाड़ और दबाव बढ़ा है। राउत ने चुनाव आयोग पर पश्चिम बंगाल में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि संस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से चुनावों की निगरानी के लिए ऑब्जर्वर भेजने की मांग भी की। राउत ने कहा कि पंचायत से लेकर लोकसभा तक, कोई भी चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष नहीं रहा है।

केरल सीएम विजयन का कांग्रेस पर हमला
इधर, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्हें बीजेपी की ‘बी-टीम’ बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस का रवैया ऐसा प्रतीत होता है मानो वह बीजेपी की मदद कर रही हो।

विजयन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण और साम्प्रदायिक राजनीति कर रही है, जबकि उनकी पार्टी सभी प्रकार के सांप्रदायिकता के खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के पास ठोस मुद्दों की कमी है, इसलिए वे बार-बार आरोप लगाकर जनता को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

इन बयानों के बाद देश की राजनीति में एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है और आने वाले समय में इसके और तीखा होने के संकेत मिल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button