छत्तीसगढ़

पामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मोटर साइकिल चोर गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटर साइकिल चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान डेन्डू प्रसाद केंवट (उम्र 35 वर्ष, निवासी रहटाटोर, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी राम प्रताप यादव, निवासी बगबुड़ा, थाना लवन, जिला बलौदाबाजार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल 2025 को शाम के समय उन्होंने अपनी मोटर साइकिल क्रमांक सीजी-22 जे. 0420 ग्राम ससहा स्थित शराब भट्टी के पास दुकान के सामने खड़ी की थी। जब वे सामान खरीदकर वापस आए तो उनकी मोटर साइकिल वहां नहीं थी, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया था। इस रिपोर्ट पर पामगढ़ थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 181/2025 धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान पुलिस अज्ञात आरोपी और चोरी गई मोटर साइकिल की तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पामगढ़ शराब भट्टी के पास चोरी की मोटर साइकिल बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उक्त आरोपी को चोरी हुई मोटर साइकिल के साथ पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी डेन्डू प्रसाद केंवट ने स्वीकार किया कि उसने ही घटना की तारीख को ससहा शराब भट्टी के पास दुकान के सामने से उक्त मोटर साइकिल चोरी की थी। गवाहों के समक्ष चोरी हुई मोटर साइकिल बरामद कर ली गई और आरोपी का अपराध सिद्ध होने पर उसे आज, दिनांक 11 मई 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button