“14 सितंबर को छत्तीसगढ़ राठौर समाज के मेधावी होंगे सम्मानित, राज्य स्तरीय प्रतिभा सम्मान में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री तोखन साहू”

छत्तीसगढ़ राठौर समाज द्वारा राज्य स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह
ओपी राठौर / जांजगीर ..राठौर समाज छत्तीसगढ़ द्वारा समाज के शैक्षणिक उत्थान एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सत्र 2024-25 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को राज्य स्तरीय प्रतिभा सम्मान से नवाजा जाएगा। इस अवसर पर समाज के मेधावी बच्चों का सम्मान कर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू उपस्थित रहेंगे। साथ ही समाज के प्रतिष्ठित वरिष्ठजन, शिक्षाविद् एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग शामिल होंगे। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सम्मान का उद्देश्य बच्चों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना जागृत करना तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मार्गदर्शन देना है।
राठौर समाज का यह प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में समाज के बच्चों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में मील का पत्थर साबित होगा। इस कार्यक्रम से समाज के युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे समाज एवं प्रदेश का नाम रोशन करने की दिशा में प्रेरित होंगे। समाज ने सभी अभिभावकों और सदस्यों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है।






