छत्तीसगढ़

गांव में नवजात बच्ची मिली थैले में बंद, हालत गंभीर

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के डोंगनाला गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक किसान की बाड़ी में काम कर रहे लोगों को अचानक नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनाई दी। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक नवजात बच्ची थैले में बंद फेंकी गई थी। बच्ची को चींटियां और कीड़े काट रहे थे, जिससे उसकी हालत दयनीय हो गई थी।

घटना सत्ते सिंह मरकाम के खेत में घटी। ग्रामीणों ने तुरंत बच्ची को साफ किया और 108 एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने बच्ची को पाली स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और उन्होंने इसे अमानवीय करतूत करार देते हुए गहरा आक्रोश जताया।

विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारी अनिल सराफ ने बताया कि बच्ची का वजन 1.7 किलोग्राम है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। उसे दूध भी पिलाया गया है और बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button