छत्तीसगढ़

यातायात पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात, धारदार हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। यातायात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। हाइवे रोड सारागांव क्षेत्र में लोहे के धारदार कत्तानुमा हथियार के साथ लोगों को धमका रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना सारागांव में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 6 मई 2026 को हाइवे रोड सारागांव क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे राहगीरों ने पुलिस टीम को सूचना दी कि उत्तम ढाबा के पास हथनेवरा निवासी प्रकाश सूर्यवंशी नामक युवक लोहे के कत्तानुमा हथियार के साथ आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलते ही यातायात शाखा चांपा की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। टीम का नेतृत्व सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह कर रहे थे। उनके साथ आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले और सुनील सिंह राजपूत भी मौजूद थे।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से धारदार लोहे का हथियार बरामद किया। समय रहते कार्रवाई होने से किसी भी बड़ी अनहोनी को टाल दिया गया।

चूंकि घटना स्थल थाना सारागांव क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए आरोपी को सारागांव पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी ने आरोपी प्रकाश सूर्यवंशी (30 वर्ष), निवासी हथनेवरा थाना चांपा के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Related Articles

Back to top button