छत्तीसगढ़

फायरिंग रेंज में बड़ा हादसा: .303 राइफल का चैंबर फटा, नगर सैनिक गंभीर घायल

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रुद्री स्थित पुलिस लाइन फायरिंग रेंज में सोमवार को अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नियमित फायरिंग प्रैक्टिस के बीच .303 राइफल का चैंबर अचानक फट गया, जिससे निकला धातु का टुकड़ा पास खड़े नगर सेना के एक जवान को जा लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह के समय नगर सैनिकों की फायरिंग प्रैक्टिस चल रही थी। सभी जवान .303 राइफल से निशाना साध रहे थे। इसी दौरान एक राइफल में तकनीकी खराबी के चलते उसका चैंबर फट गया और भीतर का शेल जवान चौबेलाल टंडन के गले के पीछे जा धंसा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

साथियों और अधिकारियों ने तुरंत घायल जवान को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार टोंडर ने बताया कि घायल जवान चौबेलाल टंडन, जो माना क्षेत्र का निवासी है, को अस्पताल में भर्ती किया गया है। फायरिंग के दौरान निकला मेटल पार्ट गर्दन को छूते हुए कान के पीछे से निकला है। एक्स-रे रिपोर्ट के बाद आगे का उपचार किया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में राइफल में तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है।

इस घटना के बाद पुलिस लाइन में हड़कंप का माहौल है और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button