छत्तीसगढ़

हिंदुस्तान कॉइल्स लिमिटेड प्लांट में बड़ा हादसा, खौलते लावे में झुलसकर दो ऑपरेटरों की मौत

रायपुर। शनिवार देर रात सिलतरा क्षेत्र स्थित हिंदुस्तान कॉइल्स लिमिटेड प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। क्रेन टूटने से खौलते लावे की चपेट में आने से दो ऑपरेटरों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में सोनू राय (30), जो बिहार का रहने वाला था, और जितेंद्र श्रीवास (32), बिलासपुर निवासी शामिल हैं। दोनों युवक प्लांट में नाइट ड्यूटी पर थे और किराए के मकान में रहते थे।

कैसे हुआ हादसा?
सिलतरा चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर बालेश्वर लहरे ने बताया कि हादसा रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच हुआ। प्लांट में लोहे का गर्म लावा एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर किया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन अचानक टूटकर जमीन पर गिर गई। दोनों क्रेन ऑपरेटर, जो उस समय काम कर रहे थे, गर्म लावे की चपेट में आ गए।

प्रबंधन से हो रही पूछताछ
पुलिस ने बताया कि हिंदुस्तान कॉइल्स लिमिटेड कंपनी लोहे की प्लेट, एंगल और ब्लेड बनाने का काम करती है। हादसे के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन टूटने की वजह और प्रबंधन की लापरवाही को लेकर जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button