छत्तीसगढ़ में वाइन शॉप से 20 लाख की लूट, VIDEO:नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर छीनी रकम; 5 टीमें जांच में जुटीं, FIR दर्ज नहीं

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक शराब दुकान से 20 लाख रुपए लूट लिए। वारदात दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने जांच के लिए 5 टीमें गठित की हैं, लेकिन देर रात तक इस मामले में FIR नहीं दर्ज कराई गई है। मामला कसडोल थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कटगी स्थित शराब दुकान पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाश पिस्टल लेकर पहुंचे थे। रकम लूटने के बाद भाग निकले। बताया जा रहा है कि शराब मैनेजर अलग-अलग दुकानों से कलेक्शन कर रकम लेकर पहुंचा था। उसके पीछे-पीछे बदमाश भी पहुंचे। पहले उन्होंने रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की, फिर पिस्टल निकाली और बैग लेकर भाग निकले।

कोरबा के शराब दुकान में भी हुई थी लूट
टीआई ने बताया की 12 मार्च को कोरबा में भी शराब दुकान में पैसे की लूट हुई थी। कोरबा और कटगी दोनों जगह घटना को अंजाम देने वाले एक ही गिरोह के लगते हैं, जो अलग-अलग जगह जाकर लूट कर रहे हैं। लुटेरे जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे।

लाखों का लेन-देन फिर भी सुरक्षाकर्मी नहीं
पूछताछ में जानकारी सामने आई है कि शराब दुकान में रोज लाखों रुपए का लेन-देन होता है, लेकिन अधिकारी कर्मचारी इन पैसों को लाने ले जाने के लिए कोई सुरक्षाकर्मी भी नहीं रखते, जिससे जोखिम बना रहता है ।






