लोकसभा चुनाव-2024:दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने पद से इस्तीफा दिया, AAP से गठबंधन पर नाराज

लोकसभा चुनाव के बीच दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सूत्रों के मुताबिक, लवली दिल्ली में टिकट बंटवारे से नाराज बताए जा रहे हैं। कांग्रेस ने 31 अगस्त 2023 को अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया था। लवली शीला दीक्षित की सरकार में परिवहन मंत्री रह चुके हैं।
अरविंदर सिंह लवली पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने कहा- दिल्ली कांग्रेस इकाई उस पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ थी, जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के एकमात्र आधार पर बनी थी। इसके बावजूद, पार्टी ने दिल्ली में AAP के साथ गठबंधन करने का फैसला किया।
दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों पर छठवें चरण में 25 मई को वोट डाले जाएंगे। यहां कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच गठबंधन हुआ है। AAP 4 और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।कांग्रेस ने उत्तर पूर्व दिल्ली से कन्हैया कुमार, चांदनी चौक से जयप्रकाश अग्रवाल और नॉर्थ-वेस्ट से दलित नेता और पूर्व सांसद उदित राज को उम्मीदवार बनाया है।
2017 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में चले गए थे
अरविंदर सिंह लवली 15 साल तक रही शीला दीक्षित सरकार में शिक्षा से लेकर पर्यटन मंत्रालय की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। 2017 में नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि, महज एक साल के भीतर ही उन्होंने पार्टी में घर वापसी कर ली थी। कांग्रेस में वापसी करते हुए लवली ने कहा कि था- मैं वैचारिक रूप से वहां मिसफिट था।






