छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में सुकमा पदस्थ एसडीओपी पर चाकू से हमला, आरोपी हिरासत में; जांच जारी

रायपुर, 19 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सुकमा जिले में पदस्थ एसडीओपी तोमेश वर्मा पर अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया। यह घटना दंतेवाड़ा शहर में टीवीएस शोरूम के पास हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल एसडीओपी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को दंतेवाड़ा थाना में हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान रविशंकर साहू, निवासी दुर्ग, के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक महिला रजनीशा वर्मा के साथ दंतेवाड़ा आया था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर सुकमा से एसडीओपी का पीछा करते हुए दंतेवाड़ा पहुंचा।

सूत्रों के मुताबिक, एसडीओपी तोमेश वर्मा सुकमा जिले के जगरगुण्डा थाना क्षेत्र में पदस्थ हैं और किसी प्रकरण की विवेचना के सिलसिले में दंतेवाड़ा आए हुए थे। इसी दौरान यह हमला हुआ। कुछ सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि हमलावरों ने एसडीओपी को कथित तौर पर कुछ समय तक एक वाहन में रोके रखा, जिसके बाद मौका पाकर चाकू से हमला किया गया। हालांकि, इन बिंदुओं पर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

मामले को लेकर कुछ गंभीर आरोपों की भी चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2024 में एसडीओपी तोमेश वर्मा पर एक महिला द्वारा गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिनके संबंध में वे अग्रिम जमानत पर बताए जा रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि उसी मामले से जुड़े लोगों का इस हमले से संबंध हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

Related Articles

Back to top button