बसंतपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बुजुर्ग दंपति को कुचला, महिला की मौत, पति गंभीर घायल

जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर मुख्यमार्ग पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार बुजुर्ग दंपति को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक महिला की पहचान अनसुईया कहरा (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं उनके पति राधेश्याम कहरा हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद फरार हुआ ट्रेलर चालक
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
घर लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खोखरा निवासी राधेश्याम कहरा अपनी पत्नी अनसुईया कहरा के साथ गुरुवार को महासमुंद जिले के बागबहरा गए थे। वहां से लौटते समय वे रात में चिस्दा गांव में अपने परिजन के यहां रुके थे। शुक्रवार तड़के दोनों बाइक से अपने गांव खोखरा के लिए निकले थे। इसी दौरान बसंतपुर गांव के मोड़ पर बिर्रा की ओर से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया।
कोहरे को माना जा रहा हादसे की वजह
पुलिस का कहना है कि सुबह अधिक कोहरा होने के कारण सड़क पर धुंध छाई हुई थी, जिससे दृश्यता कम हो गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






