जांजगीर-चांपा : मध्यान्ह भोजन में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई, प्रधानपाठक निलंबित

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर चौराभांटा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय की प्रधानपाठक किरण लता शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि विद्यालय में मध्यान्ह भोजन संचालन के दौरान शासन द्वारा तय मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके चलते विद्यालय में भोजन व्यवस्था संभाल रही राहुल महिला स्व-सहायता समूह को कार्य से पृथक कर दिया गया है। उनके स्थान पर दूसरे पात्र महिला स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, पर्यवेक्षण स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर मध्यान्ह भोजन प्रभारी शिक्षक जगेश्वर सिंह को भी जिम्मेदारी से हटाते हुए दो वेतनवृद्धि रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सतत निरीक्षण और नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं।






