छत्तीसगढ़

CG के CRPF जवान की MP में हार्ट अटैक से मौत, 3 महीने के बेटे ने दी मुखाग्नि

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम आमाडुला निवासी सीआरपीएफ जवान देवनारायण दर्रो (27) का मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। मंगलवार को ड्यूटी पर जाने की तैयारी के दौरान अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ। साथियों ने तत्काल इलाज की व्यवस्था की, लेकिन चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मंगलवार शाम करीब 5 बजे जवान का पार्थिव शरीर उनके गृहग्राम आमाडुला पहुंचा। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सीआरपीएफ जवानों ने पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया और गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने वीर साथी को अंतिम सलामी दी।

तीन महीने के बेटे ने दी मुखाग्नि

अंतिम संस्कार के दौरान हृदय विदारक दृश्य उस समय सामने आया, जब तीन महीने के मासूम बेटे ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। बताया जा रहा है कि जवान देवनारायण दर्रो जनवरी माह में अपने बेटे की छट्ठी (नामकरण संस्कार) में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंच गया।

देवनारायण दर्रो अपने पीछे तीन महीने का बेटा और ढाई साल की बेटी छोड़ गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार वे अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। जब उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तो स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी की आंखें नम हो गईं। पूरे गांव ने नम आंखों से वीर जवान को अंतिम विदाई दी।

Related Articles

Back to top button