जांजगीर-चांपा : धान की छल्ली धंसने से बड़ा हादसा: 5 मजदूर दबे, एक गंभीर हालत में रायपुर रेफर

जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल। जिले के खोखसा स्थित राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड के गोदाम में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। यहां धान की छल्ली अचानक धंसने से पांच मजदूर उसके नीचे दब गए, जिससे सभी घायल हो गए।
हादसे में जमुना बाई कश्यप को कमर में गंभीर चोट आई है, जबकि रोशनी कश्यप के सीने में चोट लगी है। वहीं राजेंद्र कश्यप के हाथ-पैर और रतन कश्यप के पैर में चोट आई है। सबसे गंभीर रूप से घायल राजेश्वर कश्यप को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि उनके घुटने की हड्डी बाहर निकल गई है।
घटना के बाद मजदूरों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनसे अंधेरे में काम कराया जाता है, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है। मजदूरों का यह भी आरोप है कि दुर्घटना के बाद न तो अधिकारियों ने कोई तत्काल मदद की और न ही इलाज की समुचित व्यवस्था कराई गई।
घायलों के परिजन अपने स्तर पर इलाज कराने को मजबूर हैं, जिससे उनमें भारी आक्रोश है। इस घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






