सारागांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब का साम्राज्य! एनएच-49 के ढाबों से लेकर गांव-गांव तक बेखौफ चल रहा कारोबार, पुलिस बनी मूकदर्शक


जांजगीर चांपा ..सारागांव थाना क्षेत्र में इन दिनों अवैध शराब बिक्री का धंधा चरम पर है। ग्राम अफरीद, मुड़पार, पचोरी, सारागांव और रोहदा में खुलेआम कोचिए शराब की बिक्री कर रहे हैं। वहीं एनएच-49 मार्ग के ढाबों में मदिरा परोसने से लेकर बोतल बिक्री तक का खुला कारोबार चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है, और फिर भी कार्रवाई का नामोनिशान नहीं दिखता।
सूत्रों के मुताबिक, ग्राम अफरीद के अमहा पारा तालाब के पास, पचोरी के शासकीय विद्यालय के समीप, और ग्राम रोहदा में कई स्थानों पर महुआ शराब की खुलेआम खरीदी-बिक्री हो रही है। बताया जा रहा है कि बियर की एक बोतल 300 रुपये और देशी मदिरा की पाव 130 रुपये में बेची जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले कुछ थाना प्रभारियों ने इस अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई कर अंकुश लगाया था, परंतु वर्तमान में स्थिति शराब माफियाओं के पक्ष में नजर आ रही है। पुलिस की उदासीनता और ढिलाई के चलते अवैध शराब कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश और चर्चा है कि आखिर पुलिस इस खुले अवैध व्यापार पर लगाम क्यों नहीं लगा रही है। लगातार बढ़ रहे इस शराब कारोबार से गांवों का माहौल बिगड़ रहा है और युवा वर्ग इसकी गिरफ्त में आता जा रहा है।





