पति ने पत्नी को मारकर बाड़ी में गाड़ा:बेमेतरा में एक महीने पहले हुई थी शादी, पिता और 6 बेटों को उठा ले गई पुलिस

बेमेतरा में पति ने अपनी पत्नी को मार कर 2 फीट गड्ढे में गाड़ दिया। बताया जा रहा है कि एक महीने पहले ही शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद से आरोपी पति फरार है। पूरा मामला परपोडी थाना क्षेत्र के लुक गांव का है।
मिली जानकारी के मुताबिक नवविवाहिता को पति ने घर के पास बाड़ी में दफनाया है। मृतिका का नाम रेशमी वर्मा (22) है, जिसका मायका कुल्लू गांव में है। वहीं पति का नाम ओमप्रकाश वर्मा है। बताया जा रहा है कि 18 फरवरी 2024 को दोनों की शादी हुई थी।


बेटे और बहू ने पैर छूकर किया था विदा
मृतिका की सास बीरन बाई ने बताया कि वह शनिवार को धमधा के अछोटी गांव गई थी। बेटे और बहू ने उसे पैर छूकर विदा किया था। सोमवार को जब वह घर लौटी तो बड़े बेटा रमाकांत की पत्नी करुणा ने बताया कि आपके बेटे-बहू ओमप्रकाश और रेशमी बिना बताए कहीं चले गए हैं।

बदबू आने के बाद बाड़ी में की गई खुदाई
इसके बाद आनन-फानन में परिवार ने इसकी सूचना थाने में दी। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। दो दिन तक दोनों की पतासाजी की गई, दोनों कहीं नहीं मिले। इसके बाद गुरूवार सुबह मृतिका की सास बाड़ी में राख फेंकने निकली थी, तभी उसे बदबू आई है। पास के गड्ढे को खोदा गया तो वहां बहू की लाश मिली। इसकी सूचना पुलिस और मायके पक्ष को दी गई।

पिता और 6 बेटों को थाने ले गई पुलिस
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक जिसने हत्या की वह 7 भाई हैं, आरोपी तीसरे नंबर का बेटा है। पुलिस अभी 6 बेटे और पिता को पूछताछ के लिए थाने लेकर गई है। मामवे में बेरला एसडीओपी तेजराम पटेल ने कहा कि जांच के बाद ही जानकारी दे पाएंगे।






