राजिम कुंभ का पहला न्योता भांचा राम को:बनाया जा रहा परिक्रमा पथ; बागेश्वर सरकार, पं. प्रदीप मिश्रा समेत कई साधु-संत पहुंचेंगे

छत्तीसगढ़ की बीजेपी सरकार पांच साल बाद राजिम कुंभ के भव्य आयोजन की तैयारी कर रही है। राजिम कुंभ 24 फरवरी से 8 मार्च तक चलेगा। इसका पहला न्योता भगवान राम को दिया गया। शुक्रवार को मंत्री बृजमोहन अग्रवाल रायपुर के राम मंदिर पहुंचे। यहां मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने निमंत्रण पत्र दिया।
15 दिन तक चलने वाले इस कुंभ में कई साधु-संत त्रिवेणी संगम नगरी राजिम पहुंचेंगे। इस बार जगदगुरु शंकराचार्य के साथ ही बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री, सीहोर वाले पं. प्रदीप मिश्रा भी पहुंचने वाले हैं। इनके अलावा काशी, मथुरा, बनारस, अयोध्या, अमरकंटक और चित्रकूट से बड़ी संख्या में साधु-संतों को न्योता दिया जाएगा।

देश भर में बटेगा राजिम कुंभ का न्योता
राजिम कुंभ के पहुंच मार्ग को बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना हो, इसलिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अधिकारियों ने बताया, कि देश के सभी राज्यों में राजिम कुंभ का न्योता भेजा जाएगा। मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के निर्देश पर इसका मसौदा तैयार किया गया है। बड़ी संख्या में VIP मेहमान राजिम कुंभ में शामिल हो सकते हैं।

राजिम मंदिर के चारों ओर बनेगा परिक्रमा पथ
राजिम कुंभ और उससे जुड़ी कहानियां श्रद्धालुओं और अतिथियों को पता चले इसके लिए राजिम मंदिर के चारों ओर परिक्रमा पथ बनाया जा रहा है। वहीं दूसरे राज्यों के कारोबारियों को भी दुकानें मेले परिसर में दी गई है जिससे मेले को पर्यटन की तर्ज पर भी बढ़ावा मिल सके। शाही जुलूस, साधू-संतों का दरबार, झांकियां, नागा साधुओं और धर्मगुरुओं की मौजूदगी से राजिम की रौनक बढ़ेगी।

25 से ज्यादा सेक्टर बनेंगे
मेले में वीवीआईपी गेस्ट, वीआईपी गेस्ट, साधू-संतों, श्रद्धालुओं और पुलिसकर्मियों के रुकने के लिए 25 से ज्यादा सेक्टर बनाए जाएंगे। इन सेक्टर में रुकने की व्यवस्था के अलावा, शौचालय, नहाने और भोजन की अलग से व्यवस्था की जाएगी। कुंभ में एक मुख्य स्टेज बनाया जाएगा और इसके अलावा छोटे-छोटे स्टेज अलग से बनाए जाएंगे।
पॉर्किंग बनेगी और रोडमैप जारी होगा
राजिम कुंभ पहुंचने वाले अतिथियों-श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो, इसलिए मेले के चारों तरफ पॉर्किंग बनाई जाएगी। पॉर्किंग का रोडमैप भी जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी किया जाएगा। कुंभ के उद्धाटन से पहले रोडमैप और पॉर्किंग की लोकेशन जारी की जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन, प्रदर्शनी लगेगी
पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार कुंभ स्थल में स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए एक अलग से मंच बनाया जाएगा। इसमें सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम चलेगा। इसके अलावा राजिम के आसपास की सभी सड़कों की मरम्मत की जाएगी। बिजली कंपनी को लाइटिंग, ट्रांसफॉर्मर, जनरेटर की व्यवस्था, सजावट, पुल पुलिया में रोशनी का निर्देश दिया गया है।







