छत्तीसगढ़

सुकमा-दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर पुलिस-नक्सली मुठभेड़:हथियार-विस्फोटक समेत सामान छोड़कर भागे, लाखों के इनामी माओवादी थे मौजूद

सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली हथियार, विस्फोटक समेत अन्य सामान छोड़कर भाग निकले, जिसे सर्चिंग के दौरान जवानों ने बरामद किया है।

बताया जा रहा है मौके पर कई जगह खून के धब्बे भी मिले, जिससे दावा किया जा रहा है कि, कुछ नक्सली घायल भी हुए हैं। पुलिस फोर्स सफल ऑपरेशन कर लौटी है।

हार्डकोर इनामी नक्सलियों के मौजूदगी की मिली थी सूचना

दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि, इन दोनों जिलों के सरहद पर गमपुर, डोडीतुमनार इलाके में दरभा डिवीजन और पश्चिम बस्तर डिवीजन के हार्डकोर इनामी नक्सली मौजूद हैं। इनमें DVCM (डिविजनल कमेटी मेंबर) जगदीश समेत अन्य नक्सली बैठक ले रहे थे।

इसी सूचना के बाद दंतेवाड़ा से DRG और CRPF की संयुक्त टीम को गुरुवार की रात मौके के लिए निकाला गया था।

शुक्रवार को भी हुई थी मुठभेड़

वहीं, शुक्रवार की सुबह जब जवान इस इलाके में पहुंचे, तो नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। नक्सलियों के इस कोर इलाके में दिन भर रुक-रुककर गोलीबारी होती रही। हालांकि, जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले।

जिसके बाद सर्चिंग अभियान चलाया गया। मौके से 2 भरमार बंदूक, BGL सेल, समेत अन्य विस्फोटक और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया।

शनिवार को वापस लौटे जवान

आज शनिवार की सुबह जवान जिला मुख्यालय लौटे हैं। ASP आर के बर्मन ने बताया कि, ऑपरेशन में निकले सभी जवान सुरक्षित हैं। भारी मात्रा में नक्सलियों का सामान बरामद किया गया है। नक्सलियों के बड़े कैडर भी वहां मौजूद थे। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है।

Related Articles

Back to top button