आजादी के 79 वर्ष बाद भी अफरीद की गलियों में कीचड़, बच्चों ने जज़्बे से लहराया तिरंगा


जांजगीर चांपा …स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूरे हो जाने के बाद भी बम्हनीडीह ब्लॉक के गौरव ग्राम अफरीद की गलियों की हालत जस की तस बनी हुई है। कीचड़ और गंदगी से राह चलना मुश्किल हो जाता है, परंतु इन परिस्थितियों ने बच्चों के देशभक्ति के उत्साह को कम नहीं किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गाँव के बच्चों ने सुबह हाथों में तिरंगा लेकर गलियों में मार्च पास्ट निकाला। पैरों में कीचड़ और कपड़ों पर छींटों के बावजूद उनकी आँखों में देशप्रेम की चमक साफ झलक रही थी।ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे इस कीचड़ में रोज़ स्कूल जाते हैं, फिर भी उनका मनोबल अटूट है।
अफरीद की यह तस्वीर एक ओर जहाँ बच्चों के जज़्बे को सलाम करती है, वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों की धीमी रफ़्तार पर सवाल भी खड़े करती है।
गाँव में जल निकासी व्यवस्था ठप, गलियों में फैला पानी – समाधान से कोसों दूर पंचायत
स्थानीय पंचायत क्षेत्र में जल निकासी की समस्या दिनोंदिन विकराल रूप ले रही है। अनेक बार सरपंच बदलने के बावजूद गलियों की तस्वीर नहीं बदली। हालात यह हैं कि प्रत्येक घर में बोरिंग तो है, पर पानी निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। जिन घरों से जल निकासी की व्यवस्था नहीं है, वहाँ का पानी सीधे गलियों में बहाया जा रहा है।
औसतन, मुख्य मार्ग सहित सभी गलियाँ पानी भराव की समस्या से जूझ रही हैं। मुख्य मार्ग के निवासियों को निशाना बनाकर तरह-तरह की बातें की जा रही हैं, यहाँ तक कि शर्म और हया से जुड़ी टिप्पणियाँ भी की जा रही हैं, लेकिन स्थिति जस की तस है।
गाँव के लोगों का कहना है कि पंचायत प्रशासन को तत्काल पुख्ता जल निकासी योजना लागू करनी चाहिए, अन्यथा यह समस्या स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए गंभीर खतरा बन जाएगी।






