छत्तीसगढ़

5 साल बाद भी काम अधूरा: गर्मी में सरकारी नल से भी घरों में नहीं होगी पानी की सप्लाई

शहर की बढ़ती आबादी के साथ शहरवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने लाई गई जलआवर्धन योजना अब शहरवासियों के लिए मुसीबत बन गई है। योजना के तहत पांच साल पहले नगर में शुरू हुआ काम कछुआ चाल को भी मात दे रहा है। नगर के घरों में पानी पहुंचाने के लिए नगर के तुलसी भवन के पास 34 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत से जल आवर्धन योजना के तहत पानी टंकी बनाई जा रही है, जो अब तक पूरी नहीं हो पाई। ठेकेदार को काम करने की दिए गए निर्धारित तिथि खत्म भी चुकी है। ऐसे में इस साल भी गर्मी के दिनो में नगर पालिका क्षेत्र के घरों में जल आवर्धन योजना के तहत पानी नहीं मिलेगा।

जांजगीर शहर में प्रस्तावित 34 करोड़ 55 लाख रुपए की जल आवर्धन योजना पांच साल से अधर में लटकी हुई है। शासन से शहर में जल आवर्धन के लिए 34 करोड़ 55 लाख रुपए में टेंडर फाइनल हुआ और नागपुर की कंपनी ठेका मल्टी अरबन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, नागपुर को 5 अक्टूबर 2018 को वर्कआर्डर जारी कर दो साल पूरा करने का निर्देश दिया था, लेकिन लगातार दिए जा रहे एक्सटेंशन के बाद भी अब तक काम पूरा नहीं हो सका है। ठेका कंपनी को दिए गए एक्सटेंशन के अनुसार जिला मुख्यालय के जल आवर्धन का काम 5 अक्टूबर 2022 को पूरा हो जाना था, लेकिन अंतिम तिथि पूरा के पांच महीने बीतने के बाद भी अब तक 30 से 40 प्रतिशत से अधिक काम अधूरा है। नगर में दो टंकी बननी है, लेकिन अब तक एक भी टंकी पूरी नहीं हो पाई है। जल आवर्धन योजना के तहत शहर के तुलसी भवन के पास 9 लाख 30 हजार लीटर और पुराना जिला अस्पताल के पास 24 लाख 50 हजार लीटर की ओवरहेड टेंक का निर्माण किया जाना था, लेकिन 5 साल बीतने के बाद भी एक ही पानी की टंकी पूरी नहीं हो सकी। हालांकि तुलसी भवन के पास बन रहे ओवरहेड टेंक का बेस तैयार हो चुका है, जबकि पुराना जिला अस्पताल के पास केवल नींव ही रखी गई।

शहर में दो टंकी बनाने थे, एक अधूरा दूसरे का काम शुरू ही नहीं हुआ

निर्माण जल्द से जल्द पूरा करवाने कर रहे प्रयास ^जल आवर्धन योजना के निर्माण में लगे ठेकेदार द्वारा मनमानी की जा रही है। काम पूरा करने के लिए सीएमओ व पालिका से ठेकेदार को नोटिस दिया है लेकिन उसने साल भर से काम शुरू ही नहीं किया। ठेकेदार को कलेक्टर ने कार्यालय में बुलावा था । वह वहां भी नहीं पहुंचा। पानी टंकी निर्माण नहीं होने के कारण शहर के लोगों को परेशानी हो रही है। निर्माण जल्द पूरा कराने का प्रयास कर रहे हैं। भगवान दास गढ़ेवाल, अध्यक्ष नगर पालिका जांजगीर-नैला

एक नजर इस योजना की गतिविधियों पर { क्या क्या बनना है- दो पानी टंकी, पाइप लाइन- नगर के 20 वार्डों में { कब हुआ वर्क ऑर्डर- 5 अक्टूबर 2018 { कब तक होना था पूरा- 5 अक्टूबर 2020 { ठेका कंपनी- मल्टी अर्बन इंफ्रा सर्विसेज लिमिटेड { पांच साल में क्या हुआ : ठेका कंपनी को ​दो बार एक्सटेंशन दिया गया { अभी स्थिति- दोनों टंकी नहीं बन पाई है। पाइप लाइन का विस्तार बाकी है। { आगे क्या होगा- इस गर्मी में भी नहीं मिलेगा लोगों को पानी

पांच साल बाद भी पाइप लाइन का विस्तार होना बाकी शहर में 95 किमी पाइप लाइन बिछाई जानी है, हालांकि इन पांच साल के भीतर में 80 प्रतिशत तक पाइप लाइन विस्तार हो चुका है, लेकिन अभी भी 20 फीसदी शहर में पाइप लाइन बिछाने का काम अभी भी बाकी है। दो साल एक्सटेंशन के बाद भी जल आवर्धन योजना का काम अधूरा ही है। पानी के लिए नगर के लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button