छत्तीसगढ़

भारतमाला परियोजना में 220 करोड़ का मुआवजा घोटाला: EOW ने जांच शुरू की, जल्द दर्ज होगी FIR

रायपुर।छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना में मुआवजा घोटाले का बड़ा खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने इस घोटाले की जांच शुरू कर दी है। EOW ने प्रशासन से लगभग 500 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और अब जल्द ही इस मामले में दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है।

यह पहला अवसर है जब राज्य में किसी भूमि मुआवजा विवाद की जांच EOW द्वारा की जा रही है। विभाग ने इस मामले से जुड़े कई अहम दस्तावेज पहले ही जुटा लिए हैं और कई बिंदुओं पर गोपनीय जांच भी पूरी हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, घोटाले में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि कुछ सरकारी अधिकारियों, भू-माफियाओं और प्रभावशाली लोगों ने मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से लगभग 43 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि हासिल की थी। अब विस्तृत जांच में यह घोटाला 220 करोड़ रुपए से अधिक का पाया गया है।

जांच एजेंसी को अब तक 164 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन के दस्तावेज मिल चुके हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है। सूत्रों की मानें तो EOW की टीम ने संबंधित जिलों में कई विभागीय अधिकारियों और जमीन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला है।

EOW की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि सरकार इस घोटाले को लेकर गंभीर है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई और कई गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Related Articles

Back to top button