छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कहा-सड़क पर हर जगह गड्ढे ही गड्ढे:शासन का जवाब- फंड जारी कर दिया; चीफ जस्टिस बोले- यूज होगा या मिस-यूज

छत्तीसगढ़ की सड़कों को लेकर हाईकोर्ट ने NHAI और PWD पर नाराजगी जाहिर की है। कोर्ट ने कहा कि सब जगह गड्ढे ही गड्ढे हैं। जब सरकार की ओर से बताया गया कि फंड जारी किया गया है तो कोर्ट ने कहा कि उसका उपयोग होगा या मिस यूज।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की डिवीजन बेंच ने गुरुवार को अतिरिक्त महाधिवक्ता से कहा कि रोड की हालत तो बहुत खराब है। आप भी सफर करते हैं तो देखते होंगे। सब जगह गड्ढे ही गड्ढे हैं। हाईकोर्ट आते और घर जाते समय याद आता है या नहीं।
साथ ही NHAI, PWD और नगर निगम को शपथ पत्र के साथ प्रोग्रेस रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। अगली सुनवाई अब 18 नवंबर को होगी। प्रदेश भर में खराब सड़कों को लेकर दायर जनहित याचिका पर हाईकोर्ट में लंबे समय से सुनवाई चल रही है।







