अफरीद के मुड़पार में धर्म परिवर्तन की योजना का खुलासा, युवाओं ने दी शिकायत धर्म बदलने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। मौके पर पहुंची पुलिस स्थिति नियंत्रित



अफरीद (जांजगीर-चांपा)। सारागांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अफरीद के आश्रित ग्राम मुड़पार में गुरुवार को धर्मांतरण की आशंका को लेकर हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, राजकुमार झलरिया नामक व्यक्ति के घर पर लोगों को धर्म परिवर्तन से संबंधित बातें सिखाए जाने की सूचना हिंदू युवाओं को मिली। सूचना पर बड़ी संख्या में हिंदू युवा एवं गौ सेवक मौके पर पहुंचे और तुरंत सारागांव पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चौबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने राजकुमार के घर में जाकर पूछताछ की, जिन्होंने धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों से इंकार किया। हालांकि, स्थानीय सूत्रों का कहना है कि पिछले कुछ समय से यहां क्रिश्चियन समाज से जुड़े लोग बाइबिल वितरण कर हिंदू धर्म छोड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आज गुरुवार को भी एक पास्टर को बाहर से बुलाकर आस-पास के लोगों को एकत्रित करने की योजना थी, जिसकी भनक लगते ही आसपास के तीस से चालीस युवा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पास्टर को घर के अंदर छिपा दिया गया।
हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थाना प्रभारी चौबे ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है






