छत्तीसगढ़

सक्ती में सत्संग कर रही बुजुर्ग महिलाओं पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रविवार को एक युवक ने सत्संग कर रही बुजुर्ग महिलाओं पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में तीन बुजुर्ग महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कुछ बुजुर्ग महिलाएं एक कमरे में बैठकर सत्संग कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और बिना किसी विवाद या चेतावनी के महिलाओं पर डंडे से हमला करना शुरू कर दिया। हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को पकड़ लिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

हमले में घायल तीनों बुजुर्ग महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button