रानू-विश्नोई, सौम्या के 19 ठिकानों पर ACB रेड:छत्तीसगढ़ सहित राजस्थान, झारखंड, बेंगलुरु में एक साथ मारा छापा; रायगढ़ में ट्रांसपोर्टर का बंगला सील

छत्तीसगढ़ ACB/EOW की टीम ने शुक्रवार को कोल लेवी और आय से अधिक संपत्ति मामले में राजस्थान, बेंगलुरु और झारखंड सहित 19 जगहों पर छापा मारा है। ये निलंबित IAS समीर विश्नोई, रानू साहू और राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सौम्या चौरसिया के ठिकाने बताए जा रहे हैं।
तीनों अफसर फिलहाल रायपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं। सूत्रों के मुताबिक, तीनों राज्यों में रेड की कार्रवाई के लिए 12 से ज्यादा टीमें तैयार की गई थीं। दूसरे राज्य जाने वाली कई टीमों को 14 अगस्त को ही रवाना कर दिया था। राजस्थान के अनूपगढ़ में समीर विश्नोई का ससुराल है। रायगढ़ में ACB ने ट्रांसपोर्टर का बंगला सील कर दिया है।
तस्वीरों में देखिए अलग-अलग जगह ACB की कार्रवाई…





राजस्थान : घर बंद साढ़े 6 घंटे चला सर्च ऑपरेशन
ACB टीम ने सुबह करीब 7 बजे राजस्थान के अनूपगढ़ में के व्यापारी गौरव गोदारा के घर में छापा मारा। यह कार्रवाई दोपहर करीब डेढ़ बजे तक चली। गौरव, समीर के रिश्तेदार हैं। सर्च अभियान के दौरान एसीबी के डीएसपी राहुल शर्मा ने अपनी टीम के साथ मौजूद थे।
टीम ने घर को पूरी तरह से बंद कर दिया था। फिलहाल किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी जा रही है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही अफसरों ने किसी भी तरह की जानकारी साझा करने की बात कही थी।

भिलाई : होटल कारोबारी के ठिकाने पर छापा
इसके अलावा ACB की टीम छत्तीसगढ़ में भी कार्रवाई कर रही है। भिलाई में टीम ने होटल कारोबारी अनिल कुमार पाठक के नेहरू नगर ईस्ट स्थित घर में छापा मारा। आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में कार्रवाई की गई है। पहले अनिल पाठक के होटल और अब निवास पर टीम पहुंची है। बताया जा रहा है कि 4 गाड़ियों में अधिकारी पहुंचे हैं।

कोरबा : ठेकेदार के मकान में सुबह से कार्रवाई जारी
कोरबा के टीपी नगर स्थित आशीर्वाद पॉइंट के पास ठेकेदार एमएस पटेल के घर भी ACB की टीम पहुंची है। बताया जा रहा है कि यहां तड़के सुबह 2 गाड़ियों में 10 सदस्यीय टीम ने दबिश दी है। टीम सुबह से ही दस्तावेजों की खोजबीन कर रही है।







