छत्तीसगढ़

कार के सनरूफ से स्टंट कर रहे युवक गिरफ्तार, सड़क पर सेल्फी और रील बनाना पड़ा भारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में स्टंटबाज़ों पर पुलिस ने कसा शिकंजा। नेशनल हाईवे पर रील्स बनाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले युवाओं के खिलाफ एक और मामला सामने आया है। इस बार कुछ युवक कार के सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो और सेल्फी लेते हुए नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक चलती कार के सनरूफ से आधे शरीर को बाहर निकालकर खतरनाक अंदाज़ में रील और सेल्फी शूट कर रहे हैं, जिससे खुद की जान तो खतरे में थी ही, साथ ही अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी दांव पर लगी हुई थी।

वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि यह कृत्य न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी खतरा है।

पुलिस ने युवाओं के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।

बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि स्टंट और रील्स के चक्कर में सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से बचें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button