मॉब लिंचिंग…तीसरे युवक ने भी दम तोड़ा:नहीं हो सके बयान, सहारनपुर में होगा अंतिम संस्कार; बिलासपुर में भी गाय काटने पर बवाल

मॉब लिंचिंग मामले में तीसरे युवक सद्दाम कुरैशी ने भी मंगलवार को दम तोड़ दिया। सद्दाम पिछले 12 दिनों से गंभीर हालत में रायपुर के अस्पताल में भर्ती था। शासन ने इस मामले में SIT का गठन किया था, लेकिन उसके बयान लेने से पहले ही सद्दाम की मौत हो गई। उसका अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में होगा।
इस वारदात में 2 युवकों की पहले ही मौत हो चुकी है। सद्दाम वारदात का इकलौता गवाह था। वारदात में उसके सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोटें आई थीं। इसके बाद से ही कोमा में चला गया था।
वहीं दूसरी ओर बिलासपुर में भी सोमवार को गाय काटने को लेकर बवाल हो गया है। विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक परिवार के लोगों को गाय का मांस काटते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। वहीं, पीड़ित परिवार मरी हुई गाय को काटने का दावा करते रहे।

मवेशी ले जा रहे युवकों को पीट-पीटकर मार डाला
दरअसल, रायपुर के आरंग क्षेत्र में 7 जून की रात मवेशियों से भरा ट्रक लेकर 3 युवक जा रहे थे। इसी दौरान 10-12 लड़कों ने पीछा कर ट्रक रुकवा लिया। इसके बाद तीनों युवकों की बेरहमी से पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो एक युवक चांद मियां का शव महानदी में मिला।
पुलिस ने बाकी दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान दूसरे युवक गुड्डू खान ने भी दम तोड़ दिया। जबकि तीसरे युवक सद्दाम का उपचार प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। तीनों युवक सहारनपुर के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि गौ-तस्करी के शक में तीनों को पीट-पीटकर मार डाला गया।






