कांग्रेस प्रत्याशी शिवकुमार डहरिया ने भरा नामांकन:नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत बोले- बीजेपी केवल हिंदू-मुस्लिमों को लड़ाने का काम कर रही है

जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी शिवकुमार डहरिया ने गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और विधायकों की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने कचहरी चौक पर आयोजित आम सभा को भी संबोधित किया। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि बीजेपी देश में हिंदू-मुस्लिम को आपस में लड़ाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश की सरकारी संपत्तियों को बेचने का काम बीजेपी कर रही है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि झूठा वादा कर केंद्र में बीजेपी की सरकार बनी है। उनके वादे के मुताबिक क्या लोगों को 2 करोड़ नौकरी मिली, क्या 15 लाख रुपए सबके खाते में आए। अभी छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी कहकर जो वादे किए गए हैं, उनके लिए विधानसभा में एक रुपए का भी बजट नहीं रखा गया है।
बीजेपी बोल रही है कि कांग्रेस ने राम मंदिर में श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया, जबकि इन्विटेशन केवल सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को दिया गया था। उन्होंने राम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में नहीं जाने वाली बात पर कहा कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तक को नहीं बुलाया गया, क्योंकि वे दलित समाज से आते हैं। यहां तक कि वर्तमान आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी नहीं बुलाया गया, जबकि बीजेपी दिनभर आदिवासियों का नाम जपती है।

चरणदास महंत ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राम मंदिर के उद्घाटन में बुलाकर उनसे पूजा क्यों नहीं कराई गई, सिर्फ इसलिए क्योंकि वे आदिवासी हैं। नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि दलित आदिवासी को नहीं बुलाया गया है, इसलिए हम भी नहीं जाएंगे। देश में एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव कराने को लेकर महंत ने कहा कि इससे लोगों को क्या फायदा होगा, किसानों और युवाओं को क्या फायदा होगा। पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी मिल जाएगी क्या? गांव, गरीब और किसानों को इससे क्या मिलेगा। यह सब फर्जी बात है।
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस के न्याय पत्र में सभी वर्गों के विकास की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सालाना 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। युवाओं को 30 लाख नौकरियां दी जाएंगी। किसानों की आय दोगुनी करेंगे। मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों को 200 रुपए की जगह 400 रुपए देंगे। हमें किसी भी तरह के बहकावे में नहीं आना है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं बनने जा रही है।

छत्तीसगढ़ को पानी चाहिए, रोजगार चाहिए, जो केवल कांग्रेस सरकार ही दे सकती है। उन्होंने देश की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की बात कही है। चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी शिव कुमार डहरिया को जिताकर लोकसभा में भेजना है, ताकि क्षेत्र का विकास हो सके।
वहीं प्रत्याशी शिव कुमार डहरिया ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी, तब हमने पहले किसानों का कर्ज माफ किया, बिजली बिल हाफ किया। बेरोजगारी भत्ता देने का वादा भी हमने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकारल में महंगाई आसमान छू रही है। बीजेपी अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति अपना रही है।






