छत्तीसगढ़

देवरी पिकनिक स्पॉट हादसा: हसदेव नदी में बहे तीनों युवकों के शव बरामद, पत्थरों के बीच फंसा मिला एक शव

जांजगीर-चांपा। जिले के देवरी पिकनिक स्पॉट में हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शनिवार को एक युवक का शव मिलने के बाद रविवार सुबह एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने दो और शव नदी से बाहर निकाले। तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पिकनिक के दौरान हुआ हादसा

घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी.फार्मा प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे।

पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू सेल्फी लेने के लिए नदी किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए पानी में उतरे उसके दो दोस्त भी नदी की चपेट में आकर बह गए।

शनिवार को मिला था पवन का शव

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

रेस्क्यू टीम ने शनिवार को पवन का शव नदी से बरामद कर लिया था। वहीं रविवार सुबह एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद दो अन्य युवकों के शव भी बरामद कर लिए।

पत्थरों के बीच खोह में फंसा था मुरारी का शव

जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर निवासी सचिन सिंह का शव रविवार सुबह करीब 6:15 बजे बरामद हुआ। इसके बाद करीब 7 बजे मुरारी साहू का शव मिला।

बताया जा रहा है कि मुरारी का शव घटनास्थल पर पत्थरों के बीच बनी एक खोह में फंस गया था। एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

देवरी पिकनिक स्पॉट पर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा

तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के बाद प्रशासन ने देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है।

एसडीएम ने टापू तक पहुंचने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए चेतावनी पोस्टर लगाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति को रोकना है।

Related Articles

Back to top button