छत्तीसगढ़

पार्षद कार्यालय के बाहर गाली-गलौज और पथराव, कांच टूटा; महिला के खिलाफ FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के झंडा चौक पंडरी में पार्षद कार्यालय के बाहर गाली-गलौज और पथराव का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 296 और 324(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पार्षद को गाली देने और पत्थर फेंकने का आरोप

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक घटना 25 अगस्त 2026 की शाम करीब 4 बजे की है। शिकायतकर्ता मनीष बेहरा ने बताया कि वह अपने भाई और झंडा चौक पंडरी के पार्षद कैलाश बेहरा के साथ बिल्डिंग मटेरियल की दुकान ‘बेहरा ब्रदर्स सप्लायर’ और पार्षद कार्यालय का संचालन करते हैं।

शिकायत के अनुसार, मनीष कार्यालय के बाहर खड़े थे, तभी गीता बाई नाम की महिला वहां पहुंची। आरोप है कि महिला ने पार्षद कैलाश बेहरा को संबोधित करते हुए कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और कार्यालय की ओर पत्थर फेंक दिया।

पत्थर लगने से कार्यालय का कांच टूटा

पुलिस शिकायत में बताया गया है कि महिला द्वारा फेंका गया पत्थर पार्षद कार्यालय के दरवाजे में लगा, जिससे उसमें लगा कांच टूट गया। घटना के समय मेहूल कुमार बेहरा भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने पूरी घटना देखी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद शिकायतकर्ता मनीष बेहरा ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस घटना के कारणों, पथराव और गाली-गलौज से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button