जांजगीर-चांपा में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, गुरु खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण

जांजगीर-चांपा। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया, जहां मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इसके साथ ही उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। समारोह में विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।
मार्चपास्ट में दिखा जवानों और विद्यार्थियों का उत्साह
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न परेड टुकड़ियों ने अनुशासन और शानदार कदमताल के साथ मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना साफ नजर आई।
समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस जवान, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया।






