एक्सप्रेस से 1.242 किलो विदेशी सोना जब्त, 2 करोड़ का गोल्ड बरामद; दो गिरफ्तार

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। इसी बीच ट्रेन से सोना तस्करी का मामला सामने आया है। गुरुवार को रायपुर और नागपुर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) क्राइम ब्रांच की टीम ने DRI (राजस्व खुफिया निदेशालय) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से 1.242 किलो सोना बरामद किया है।
B-12 कोच से मिले 7 सोने के बिस्किट और एक छड़
संयुक्त टीम ने ट्रेन के B-12 कोच में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। बरामद सोने की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोना विदेशी मूल का बताया गया है।
मामले में महाराष्ट्र निवासी सुरेश कुमार और धैर्यशील को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ कर सोने की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में पहले भी सामने आए विदेशी सोने की तस्करी के मामले
छत्तीसगढ़ में विदेशी सोने की तस्करी का यह पहला मामला नहीं है। साल 2016 में रायपुर में DRI का जोनल कार्यालय शुरू होने के बाद से अब तक बड़ी मात्रा में कीमती धातुओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
जानकारी के अनुसार, DRI ने अब तक करीब 37 किलो सोना और 5 हजार किलो से अधिक चांदी जब्त की है। तस्करों द्वारा सोना छिपाने के लिए बेल्ट-बैग और टिफिन जैसी चीजों का इस्तेमाल किए जाने के मामले भी सामने आ चुके हैं।
कारोबारियों तक पहुंची जांच
सोना तस्करी के मामलों में कारोबारी और कथित सिंडिकेट के सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में रही है। DRI के अलावा ED (प्रवर्तन निदेशालय) ने भी कुछ कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक ED अब तक करीब 64.14 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त कर चुकी है।






