छत्तीसगढ़

सक्ती में तेज रफ्तार ट्रेलर तीन दुकानों में घुसा, लाखों का नुकसान; चालक को झपकी आने की आशंका

सक्ती। जिले के छपोरा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेड़िकोना में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से रायगढ़ की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तीन दुकानों में जा घुसा। हादसे में पान दुकान, हार्डवेयर और इलेक्ट्रॉनिक दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि घटना सुबह तड़के होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे रायपुर से रायगढ़ की ओर जा रहा ट्रेलर ग्राम भेड़िकोना के मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रेलर पहले सड़क किनारे स्थित एक पान दुकान से टकराया और फिर हार्डवेयर तथा इलेक्ट्रॉनिक दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों दुकानों का ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर रखा सामान भी बुरी तरह टूट गया।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही छपोरा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई के साथ मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रेलर अनियंत्रित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण, चालकों की नियमित फिटनेस जांच तथा लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों के लिए पर्याप्त विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button