बजट सत्र से पहले 146 विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द:कल से संसद आएंगे; BJP बोली- I.N.D.I.A गठबंधन का ब्रेन डेड

संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान सस्पेंड 146 सांसदों का निलंबन रद्द हो गया है। बजट सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक के बाद मंगलवार को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने यह जानकारी दी।
जोशी ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। हमने पहले ही कहा था कि I.N.D.I.A. गठबंधन केवल फोटो शूट है। गठबंधन की मौत तो करीब हो ही गई है। इसका ब्रेन डेड है।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सर्वदलीय बैठक में उन्होंने असम में राहुल गांधी की यात्रा पर हुए हमले और राज्य सरकार की तरफ से लगाए गए प्रतिबंधों का मुद्दा उठाया। साथ ही हेमंत सोरेन, लालू प्रसाद समेत विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए CBI और ED के दुरुपयोग का भी जिक्र किया।
मंगलवार को संसद में हुई सर्वदलीय बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पीयूष गोयल समेत 30 पार्टियों के 45 नेता शामिल हुए।
इसमें कांग्रेस नेता कोडिकुनिल सुरेश, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के नेता टीआर बालू, शिवसेना के राहुल शेवाले, समाजवादी पार्टी के नेता एस टी हसन, जनता दल (यूनाइटेड) के नेता राम नाथ ठाकुर और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के जयदेव गल्ला शामिल थे।






