छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा पुलिस का एक दिवसीय डिजिटल प्रशिक्षण, पांच ऑनलाइन पोर्टलों के प्रभावी उपयोग की दी जानकारी

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन जांजगीर में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। प्रशिक्षण में जिले के थाना-चौकी प्रभारी, रीडर एवं सीसीटीएनएस ऑपरेटरों को eDAR, ई-साक्ष्य, पीएम राहत योजना, सीएम हेल्पलाइन 1076 और मिशन वात्सल्य पोर्टल के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने बताया कि eDAR पोर्टल के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े दस्तावेज 48 घंटे के भीतर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे, जिससे न्यायालय, बीमा कंपनी और परिवहन विभाग तक जानकारी तेजी से पहुंचेगी तथा पीड़ितों को समय पर मुआवजा मिल सकेगा।

कार्यशाला में ई-साक्ष्य प्रणाली के तहत डिजिटल साक्ष्यों के संग्रहण, संरक्षण और न्यायालय में विधिसम्मत उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई। वहीं पीएम राहत योजना के अंतर्गत दुर्घटना एवं अपराध से प्रभावित पात्र लोगों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।

इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा मिशन वात्सल्य पोर्टल के माध्यम से बेसहारा, गुमशुदा और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा, पुनर्वास एवं शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया पर भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को तकनीक आधारित, पारदर्शी और अधिक जनहितैषी बनाना रहा।

Related Articles

Back to top button