छत्तीसगढ़

नशे में धुत दूल्हे को लौटाने वाली साहसी बेटी बनी महिला काउंसलर, जांजगीर-चांपा पुलिस ने किया सम्मानित, शराबी दूल्हे से शादी से किया था इनकार, अब परिवार परामर्श केंद्र में निभाएंगी अहम जिम्मेदारी; एसपी ने बताया समाज के लिए प्रेरणा

जांजगीर-चांपा। नशामुक्त समाज और महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक संदेश देने वाली एक साहसी युवती को जांजगीर-चांपा पुलिस ने सम्मानित किया है। थाना चांपा क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा की उस युवती, जिसने विवाह समारोह के दौरान शराब के नशे में धुत दूल्हे को देखकर सिंदूर रस्म से पहले ही शादी से इनकार कर पूरी बारात लौटा दी थी, अब परिवार परामर्श केंद्र की महिला काउंसलर बनाई गई है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में युवती को सम्मानित करते हुए उन्हें परिवार परामर्श केंद्र, जांजगीर का महिला काउंसलर नियुक्त किया। पुलिस का कहना है कि यह निर्णय समाज में सकारात्मक बदलाव और पारिवारिक विवादों के समाधान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवती ने नशे के खिलाफ जो साहसिक कदम उठाया, वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका यह निर्णय युवाओं और महिलाओं को अपने अधिकारों, आत्मसम्मान और नशे के खिलाफ आवाज उठाने का मजबूत संदेश देता है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम, थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जांजगीर-चांपा पुलिस का मानना है कि युवती का यह साहसिक निर्णय महिला सम्मान, आत्मगौरव और नशामुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस द्वारा दिया गया यह सम्मान समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button