चांपा टाउन में पेट्रोलिंग के दौरान दिखाई संवेदनशीलता, स्थानीय लोगों ने की पुलिस की जनसेवा भावना की सराहना

चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस की मानवीय कार्यशैली का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। थाना चांपा में पदस्थ प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक (PSI) रुकसाना बानो ने अपनी संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक बुजुर्ग महिला की सुरक्षित सड़क पार कराने में मदद की।
जानकारी के अनुसार, 25 जून 2026 की रात करीब 8 बजे प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक रुकसाना बानो चांपा टाउन क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान बैरियर चौक के पास उनकी नजर एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी, जो सड़क पर भारी यातायात और शारीरिक कमजोरी के कारण सड़क पार करने में असमर्थ थी।
स्थिति को देखते हुए महिला अधिकारी तत्काल बुजुर्ग महिला के पास पहुंचीं और उनका हाथ थामकर सावधानीपूर्वक एवं सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराया। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से बुजुर्ग महिला ने राहत महसूस की और महिला अधिकारी का आभार व्यक्त किया।
इस मानवीय कार्य की स्थानीय नागरिकों ने भी सराहना की। लोगों का कहना है कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता कर समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना भी है।
प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक रुकसाना बानो की यह पहल पुलिस की जनसेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।





