रेत माफिया के हौसले बुलंद: सक्ती में जानकारी पूछने पर पत्रकार को हाईवा से कुचलने की कोशिश, CCTV में कैद हुई वारदात

सक्ती। छत्तीसगढ़ के नवगठित सक्ती जिले से रेत माफियाओं की गुंडागर्दी और बेखौफ हौसलों की एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सक्ती थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 के अंतर्गत आने वाले नगर के एक व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके में अवैध रेत परिवहन कर रहे माफियाओं ने कवरेज करने पहुंचे एक स्थानीय पत्रकार को जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर भारी-भरकम हाईवा वाहन चढ़ाने (कुचलने) का प्रयास किया। रेत माफिया के गुर्गे ने पत्रकार को खुलेआम धमकी देते हुए कहा, “अगर हाईवा रोकोगे तो इसी के नीचे कुचल दूंगा।” यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती नगर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से रेत का अवैध कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। इसी की जमीनी हकीकत जानने और जानकारी एकत्र करने के लिए जब पत्रकार मौके पर पहुंचे और वाहन चालक से पूछताछ शुरू की, तो वह भड़क गया। अधिकारियों की शह और किसी भी तरह की कार्रवाई का डर न होने के कारण माफिया के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने सरेराह नगर के बीचोबीच पत्रकार के ऊपर ही वाहन को आगे बढ़ा दिया। पत्रकार ने किसी तरह अपनी जान बचाई।






