छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में दिल दहला देने वाली घटना: पिता समेत दो मासूम बच्चों के शव घर में मिले, जहर सेवन की आशंका

जांजगीर-चांपा। जिले के नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति और उसके दो मासूम बच्चों के शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने कीटनाशक जहर का सेवन कर अपने दोनों बच्चों के साथ आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले रमेश कुमार पटेल का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने गया था, लेकिन उसके मना करने पर वह अकेले घर लौट आया।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतक के पिता परदेसी राम पटेल को सुबह सूचना मिली कि उसका बेटा और दोनों नाती घर में मृत पड़े हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

घटना की सूचना पर चौकी नैला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर मर्ग कायम किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए CSP जांजगीर श्रीमती योगिताबाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच की कमान संभाली।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच जारी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं।

Related Articles

Back to top button