मुलमुला पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे के भीतर दो फरार आरोपी गिरफ्तार, एक पर नाबालिग का वीडियो वायरल करने तो दूसरे पर छेड़छाड़ का आरोप

जांजगीर-चांपा। जिले की मुलमुला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
नाबालिग का फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में एक नाबालिग बालिका का कथित रूप से अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर उसे बदनाम करने तथा उसके परिवार को धमकी देने का मामला सामने आया था। पीड़िता की शिकायत पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 153/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी निलेश भैना (21 वर्ष), निवासी नगारीडीह, थाना शिवरीनारायण के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67, 67(क), भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
घर में घुसकर छेड़छाड़ करने के आरोपी पर भी कार्रवाई
दूसरे मामले में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आधी रात एक युवक उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था।
इस मामले में थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(2), 74 एवं 75(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शुभम दास (20 वर्ष), निवासी ग्राम जोगीडीपा को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई त्वरित कार्रवाई
मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह तथा आरक्षक सनीहर जगत और मनभावन पटेल का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।






