मिक्सर मशीन को लेकर खूनी विवाद: छत ढलाई के दौरान दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, 5 लोगों पर पुलिस की कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरसत्ती में छत ढलाई के लिए मिक्सर मशीन ले जाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरसत्ती निवासी कन्हैयालाल पुरहोले (41) और सुरेन्द्र कुमार (33) के बीच मिक्सर मशीन के उपयोग को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई, जिससे कई लोगों को चोटें आईं।
मामले की सूचना मिलते ही कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर पहले ही अकलतरा थाना में अपराध दर्ज किया जा चुका था। पूर्व में भी दोनों पक्षों को समझाइश देकर तहसील न्यायालय के माध्यम से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी, लेकिन इसके बावजूद विवाद दोबारा भड़क उठा।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। 9 जून को पुनः विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस ने धारा 170/26 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर संबंधित व्यक्तियों को तहसील न्यायालय अकलतरा में पेश किया।
न्यायालय ने सभी पांच व्यक्तियों को अधिकतम राशि से बाउंड ओवर करते हुए भविष्य में शांति भंग नहीं करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी निगरानी जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद जाटवर, प्रधान आरक्षक अनिल हंसराज, जितेश कुमार, राजेंद्र राठौर, आरक्षक दुग्गा एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






