# फोन पर गाली-गलौज और धमकी का कथित ऑडियो वायरल, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता पर लगे गंभीर आरोप, अपर कलेक्टर को सौंपी गई जांच*

*जांजगीर-चांपा।** जिले के जल संसाधन विभाग में पदस्थ कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया और विभागीय हलकों में तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में उनके द्वारा विभाग के एक मातहत कर्मचारी से फोन पर अभद्र भाषा में बातचीत करते हुए गाली-गलौज और धमकी दिए जाने का दावा किया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद विभागीय कर्मचारियों में नाराजगी का माहौल बन गया है और पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार, कथित बातचीत के दौरान कार्यपालन अभियंता अपने कर्मचारी पर दबाव बनाते हुए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन ऑडियो सामने आने के बाद विभाग के भीतर हलचल तेज हो गई है। कर्मचारी वर्ग का कहना है कि यदि ऑडियो की सत्यता प्रमाणित होती है, तो यह सरकारी सेवा आचरण नियमों के खिलाफ गंभीर मामला माना जाएगा।
इधर, सोशल मीडिया में मामला तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन ने भी तत्काल संज्ञान लिया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने वायरल ऑडियो की जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता और विभाग में पदस्थ एक वाहन चालक के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग की बात सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जांच की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर को सौंपी है और जल्द से जल्द प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बाद विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।






